सोनभद्र-मुठभेड़ में 50 हजार के ईनामी सहित पकड़े गए तीन पशु तस्कर

SHARE:

मुठभेड़ के दौरान ईनामी बदमाश सहित तीन पशु तस्करों को पकड़ा है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनके पास से पीकप में कई बेजुबान बरामद हुए हैं।
सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश समेत तीन पशु तस्कर गिरफ्तार किए गए। वहीं जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से छह पशु, एक पिकअप वाहन, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रायपुर, पन्नूगंज, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस तथा एसओजी और सर्विलांस टीम संयुक्त अभियान चला रही थी। बुधवार देर रात सूचना मिली कि पिकअप वाहन से गोवंशों को मधुपुर-नौगढ़ मार्ग से बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस ने रायपुर क्षेत्र के सारसोत के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, वाहन रोकने का प्रयास करने पर उसमें सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। एएसपी ऋषभ रूणवाल ने बताया कि घायलों की पहचान बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के झरिया निवासी 50 हजार रुपये के इनामी विकास यादव और चैनपुर निवासी मेराज कुरैशी के रूप में हुई। तीसरा आरोपी चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के हथिनी गांव निवासी विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव है। तलाशी के दौरान दोनों घायल आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पिकअप वाहन से छह पशु भी बरामद किए गए, जिन्हें वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गो-तस्करी करते हैं और गोवंशों को बिहार ले जाकर बेचते थे। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment