राजनीति में जनता की आवाज को प्राथमिकता देने और शासन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की गई है। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी का ऐलान किया है।
मिर्जापुर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने बृहस्पतिवार को ‘जननीति भारत’ पार्टी बनाने की घोषणा की। उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने और मिर्जापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद उन्होंने राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने की घोषणा की है। तीन प्रमुख वचनों पर आधारित होगी पार्टी
दिव्या मित्तल ने पार्टी के तीन प्रमुख वचन बताए। इनमें नीतियों के निर्धारण में जनता की भागीदारी, पहचान के बजाय जरूरत के आधार पर फैसले और जनता के प्रति जवाबदेही शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नीतियां बनाने में आम लोगों की राय को महत्व दिया जाना चाहिए। साथ ही सरकारी फैसले लोगों की वास्तविक जरूरतों के आधार पर होने चाहिए और हर काम का हिसाब जनता के सामने होना चाहिए। राजनीति में सीधे जनता से जुड़ने पर जोर
दिव्या मित्तल ने कहा कि देश में राजनीतिक दलों की कमी नहीं है, बल्कि आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने राजनीति में आने की घोषणा के बाद लोगों से संपर्क के लिए नंबर साझा किया था। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में संदेश आने के कारण व्हाट्सएप पर नंबर रोक दिया गया। उन्होंने लोगों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और मिले समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।