बाँदा-वृद्धा आश्रम पहुंचकर अफसरों ने बांटी खुशियां, बुजुर्गो का लिया आशीर्वाद

SHARE:

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस अधिकारियों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ त्योहारों की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बुजुर्गों को वस्त्र, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं। अधिकारियों ने उनका कुशलक्षेम पूछते हुए नवरात्रि, दशहरा और दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर: डीआईजी
डीआईजी राजेश एस. ने कहा, “बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है। हम सभी का कर्तव्य है कि बुजुर्गों का सम्मान करें, उनकी जरूरतों का ध्यान रखें और उन्हें स्नेह एवं सहयोग प्रदान करें।”
समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशील है पुलिस: एसपी
एसपी पलाश बंसल ने कहा, “पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करती है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। हमारा प्रयास है कि त्योहारों के अवसर पर हर व्यक्ति सम्मान और अपनत्व महसूस करे।”
बुजुर्गों को दिया सम्मान और अपनत्व का संदेश
मिशन शक्ति फेज-6.0 के 10 दिवसीय कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी प्रतिज्ञा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बांदा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बुजुर्गों को आवश्यक सामग्री भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई