प्रयागराज की बदली छवि, माफिया पर कार्रवाई से बना बेहतर माहौल: योगी

SHARE:

प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार ने इन प्रयासों को प्रदेश की बदलती तस्वीर का आधार बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज आस्था, शिक्षा और न्याय की धरती है। एक समय माफिया के कारण शहर की छवि प्रभावित हुई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत कर माहौल बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को आयोजित स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और योग्य अभ्यर्थियों को अवसर देने को सरकार की प्राथमिकता बताया।
महाकुंभ से वैश्विक स्तर पर बढ़ी पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ ने शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने महाकुंभ में करीब 66 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण, नए मार्गों, चौराहों के विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से शहर की तस्वीर बदली है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी बात कही।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई