बाँदा-बाजारों,सर्राफा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाए सुरक्षा-राजेश

SHARE:

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं और पुलिस विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. की अध्यक्षता में परिक्षेत्रीय कार्यालय में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। डीआईजी राजेश एस. ने धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर सभी जनपदों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित पैदल गश्त और प्रभावी गश्त करने को कहा। डीआईजी राजेश एस ने आतिशबाजी और पटाखों की दुकानों तथा निर्धारित आतिशबाजी स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन संसाधनों और त्वरित कार्रवाई की तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा। सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाहपूर्ण और भड़काऊ पोस्ट की लगातार निगरानी करते हुए ऐसी सूचनाओं पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। सभी थाना प्रभारियों को धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, व्यापार मंडलों और शांति समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।
मिशन शक्ति और ऑपरेशन कन्विक्शन की भी हुई समीक्षा
गोष्ठी में माह के दौरान हुई प्रमुख कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं और गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी नियंत्रण और त्वरित अनावरण के निर्देश दिए गए। यक्ष ऐप के क्रियान्वयन, अपराध में संलिप्त व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी तथा लंबित मामलों में कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा की गई। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 के तहत मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और उनके निस्तारण की समीक्षा की गई। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, थानों में जब्त वाहनों और माल के निस्तारण, जनसुनवाई, सीसीटीएनएस, 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य, ई-समन तथा रिकॉर्ड शाखा के कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई एवं 68-एफ, साइबर अपराधों की रोकथाम और आई-गॉट प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक और पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई