प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी ने पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी इंतजामों को देखा। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं। ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहें। नौ परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हो रही परीक्षा
जनपद में पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर को दो पालियों में कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।