बाँदा-विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए निर्देश

SHARE:

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता का आकलन करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही वल्नरेबिलिटी मैपिंग और एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (AMF) के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से बूथवार भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग करेंगे। पिछले निर्वाचनों में दर्ज आपराधिक मुकदमों, जातिगत हिंसा, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, पुनर्मतदान और अन्य संवेदनशील घटनाओं का विवरण निर्धारित फॉर्म VM-1 में दर्ज किया जाएगा।
सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर वहां पहुंचने के मार्ग, बिजली, फर्नीचर, रैंप, शौचालय, छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन किया जाएगा। जहां कमियां मिलेंगी, वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी। निर्धारित मानकों के आधार पर क्रिटिकल मतदेय स्थलों की सूची भी तैयार की जाएगी।
संवेदनशील बूथों की होगी पहचान
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मतदेय स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है, वहां संबंधित सर्विस प्रोवाइडर से समन्वय कर नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए, जिससे मतदान के दिन संचार व्यवस्था प्रभावित न हो। मतदान से पहले ईवीएम जागरूकता कार्यक्रमों और मतदान दिवस पर मतदान प्रक्रिया का सेक्टर मजिस्ट्रेट पर्यवेक्षण करेंगे।
निर्धारित समय में पूरी करनी होंगी तैयारियां
जिलाधिकारी ने जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेटों के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय पांडेय और अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई