सड़क हादसे के बाद चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें ट्रक के नीचे दबे कंडक्टर के शव का सात दिन तक पता ही नहीं चला। इस दौरान ट्रक चालक पुलिस को कंडक्टर के इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी देकर गुमराह करता रहा। शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक हटवाने पहुंची पुलिस को उसके नीचे कंडक्टर का शव दबा मिला।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को एनएच-44 पर ईमामी के सामने एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। ट्रक में चालक एवं मालिक गुरजोत सिंह, कंडक्टर नवतेज सिंह और हेल्पर विजय सवार थे। हादसे के बाद जब पुलिस ने कंडक्टर के बारे में चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि नवतेज को उपचार के लिए भेज दिया गया है।
चालक की इस जानकारी के बाद पुलिस को कंडक्टर के ट्रक के नीचे दबे होने की जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार 28 नवंबर को पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाने पहुंची तो उसके नीचे नवतेज सिंह का शव दबा मिला। मृतक पंजाब के लुधियाना जिले का निवासी था। हिरासत में चालक और हेल्पर
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने ट्रक मालिक एवं चालक गुरजोत सिंह और हेल्पर विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सात दिन तक शव ट्रक के नीचे दबे रहने और चालक द्वारा पुलिस को गलत जानकारी दिए जाने के मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष बबीना राहुल सिंह राठौर ने बताया कि चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।