किसानों को खाद, बीज और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए संचालित व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के उद्देश्य से आयुक्त ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कृषि केंद्रों पर उर्वरक एवं बीज वितरण की व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि धान क्रय केंद्र पर किसानों से नियमानुसार खरीद किए जाने की जानकारी मिली।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने शनिवार को हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में एग्री जंक्शन एवं कृषि केंद्र बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उर्वरक और बीज वितरण की व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज तथा उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएं। केंद्र पर स्टॉक और बिक्री दरों की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए। उर्वरक के साथ किसी अन्य सामग्री की टैगिंग और निर्धारित दर से अधिक वसूली नहीं होनी चाहिए। इसके बाद आयुक्त ने मंडी राठ में संचालित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां किसानों से नियमानुसार धान की खरीद होती मिली। उन्होंने किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया और समर्थन मूल्य के भुगतान की जानकारी ली। किसानों ने धान खरीद एवं समर्थन मूल्य भुगतान पर संतोष व्यक्त किया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि खरीद शासन द्वारा निर्धारित मानकों और समर्थन मूल्य के अनुसार पारदर्शी तरीके से की जाए। किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो और खरीदे गए धान का भुगतान निर्धारित समय सीमा में किया जाए। पीसीएफ केंद्र पर एनपीके, यूरिया और डीएपी उपलब्ध
मंडी परिसर में स्थापित पीसीएफ केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। यहां उर्वरक वितरण की व्यवस्था संतोषजनक मिली तथा एनपीके, यूरिया और डीएपी उपलब्ध पाए गए। आयुक्त ने किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध रखने और स्टॉक एवं बिक्री दरों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली और टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के साथ वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।