बाँदा-विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण कराएं निस्तारण : अजीत

SHARE:

मंडल में विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। दीपावली से पहले आउटसोर्स, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। आगामी त्योहारों और चक्रवाती तूफान की चेतावनी को देखते हुए अधिकारी सतर्क रहें।
शुक्रवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय में मंडलीय विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण और दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की गई।
आयुक्त अजीत कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल संबंधी शिकायतों पर की गई सुधारात्मक कार्रवाई पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों का भी समय से निस्तारण करने को कहा।
विद्युत विभाग की समीक्षा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना और पीएम सूर्य घर योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक कराने और सात दिन से अधिक कोई प्रकरण लंबित नहीं रखने को कहा। हाईटेंशन लाइनों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने, निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति और विद्युत बिलों की त्रुटियों को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति में मंडल के चारों जनपदों में सुधार लाने को कहा। फसल क्षति के पात्र दावों का परीक्षण कर किसानों को समय से क्षतिपूर्ति दिलाने तथा खाद केंद्रों पर यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद वितरण में टैगिंग, कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित दर से अधिक वसूली पर निगरानी रखने को कहा।
सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में महोबा जनपद में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की अपेक्षित प्रगति न होने पर अधीक्षण अभियंता को तेजी लाने के निर्देश दिए। सभी कार्यदायी संस्थाओं को सड़कों को गड्ढामुक्त करने और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थियों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा सीटी स्कैन सुविधा और 200 बेड के नवनिर्मित अस्पताल के संचालन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन और समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को कहा। बांदा और हमीरपुर में आईसीडीएस विभाग की प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए।
पर्यटन विकास की समीक्षा में ऋषि वाल्मीकि आश्रम, पार्किंग, लिफ्ट और अन्य परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा। नई परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करते समय संबंधित जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से सुझाव लेने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग को परिषदीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, पठन-पाठन, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने को कहा। विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का नियमित आकलन करने तथा गणित और विज्ञान की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्यालयों में प्रोजेक्टर की व्यवस्था कराने और मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालयों की नियमित समीक्षा करने को कहा। जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी ने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित कराने का सुझाव दिया। अटल आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के निर्देश देते हुए आयुक्त अजीत कुमार ने विद्यार्थियों की पढ़ाई, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल और रसोई व्यवस्था की जांच करने को कहा। भोजन बनाने वाले कर्मचारियों से निर्धारित मानकों का पालन कराने और निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दीपावली मेले और चक्रवाती तूफान को लेकर सतर्कता के निर्देश
आयुक्त ने सभी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमानुसार वेतन दीपावली से पहले भुगतान करने के निर्देश दिए। चित्रकूट में आयोजित होने वाले दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल और शेड की व्यवस्था रखने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। खाद्य एवं रसद विभाग को राशन की दुकानों पर घटतौली और अनियमितताओं पर रोक लगाने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने को कहा। एक जनपद एक उत्पाद योजना की प्रगति सुधारने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों को योजनाओं से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा में संभावित धरना-प्रदर्शनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन का आवागमन सुचारु रखने को कहा। मौसम विभाग की चक्रवाती तूफान अर्नब से संबंधित चेतावनी के दृष्टिगत सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और राहत एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के अंत में आयुक्त अजीत कुमार ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, किसानों और श्रमिकों के हितों की रक्षा करना तथा जनसमस्याओं का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी, महोबा एवं हमीरपुर, समस्त मुख्य विकास अधिकारी तथा संबंधित मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई