पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच बुधवार को दुबई एक बार फिर धमाकों से दहल उठा। करीब 20 मिनट के भीतर सात जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, जबकि हवाई सुरक्षा प्रणाली ने कई हमलों को बीच में ही नाकाम करने का दावा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगातार हुए धमाकों से कई इमारतें हिल गईं और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलों को विफल करने के दौरान गिरे मलबे से एक इमारत के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुबई प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा बलों ने संदिग्ध हवाई हमले को सफलतापूर्वक रोक दिया। इसके बावजूद मलबा गिरने से सीमित नुकसान हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को मौके पर भेजा गया तथा पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी की जा रही है। हाल के दिनों में दुबई और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की आशंकाओं के बीच कई बार हवाई सुरक्षा प्रणाली को सक्रिय किया गया है। वहीं घटना का वीडियो बनाते हुए दो व्यक्तियो को पकड़ा है। जिनसे पूंछताछ की जा रही है।