बाँदा-दो चोरी की वारदातों का खुलासा,आरोपी गिरफ्तार; चोरी के जेवर, बर्तन व तमंचा बरामद

SHARE:

पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण, पीतल के बर्तन, 2300 रुपये नकद तथा एक अवैध 315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में दोनों घटनाओं में चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिसंडा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे टोल के पास स्थित पुलिया से आरोपी अजय कुमार पुत्र इन्द्रजीत निवासी सुखदेव का पुरवा, थाना बिसंडा को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि ग्राम पुनाहार निवासी शिवप्यारी ने 26 जून 2026 को घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि अज्ञात चोर अलमारी का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी ले गए थे। वहीं सुखदेव का पुरवा निवासी चन्द्रभवन ने 3 अगस्त 2026 को अजय नामक व्यक्ति पर घर का ताला तोड़कर बर्तन चोरी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 25 जून की रात शिवप्यारी के घर से जेवर और नकदी तथा 31 जुलाई को चन्द्रभवन के घर से बर्तन चोरी किए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो कसांडी (कलसी), एक पीली धातु का लोटा, सफेद धातु के दो चूरवा (हाथ-पैर के आभूषण), 2300 रुपये नकद, एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत चोरी से संबंधित विभिन्न धाराओं में पहले से दर्ज मुकदमों में विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश तिवारी, उपनिरीक्षक गिरीश कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल अजय पासी और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई