मायके में रह रही एक महिला की बीमारी के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाधा पुरवा निवासी मनोज के अनुसार, उसकी 35 वर्षीय भाभी गोमती पत्नी रज्जू प्रजापति मकान बनवाकर गिरवां थाना क्षेत्र के माधवपुर में रहती थी। रक्षाबंधन के समय पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद नाराज होकर गोमती पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर गांव स्थित अपने मायके चली गई थी और तभी से वहीं रह रही थी। वह बीमार थी और उसका इलाज भी कराया जा रहा था। सोमवार को बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई। मारपीट के बाद से चल रहा था इलाज
मृतका के भाई कामता प्रसाद ने आरोप लगाया कि उसकी बहन का पति से विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट की थी। कामता के अनुसार, उनके पिता चौधरी ने इस मामले में गिरवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर छूट आया था। कामता का आरोप है कि मारपीट में घायल होने के बाद से ही गोमती का इलाज चल रहा था और उसी चोट के चलते उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।