वृक्षारोपण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को लंबित सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण, बायो मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण और प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। बैठक में वृक्षारोपण की प्रगति, पौधरोपण स्थलों के सत्यापन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिनका सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, वे इसे तत्काल पूरा कर निर्धारित समयसीमा में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। लंबित कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में न बरतें लापरवाही
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बायो मेडिकल वेस्ट का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और शासन के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने को कहा। नदियों के आसपास जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा
जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद की नदियों के पांच किलोमीटर के दायरे में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए चिन्हित 50 ग्राम पंचायतों की मैपिंग का कार्य पूरा करें। इन ग्राम पंचायतों में उगाई जाने वाली फसलों का विस्तृत विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग खंड-एक के अधिशासी अभियंता ने बिसंडा विकासखंड में सड़क किनारे करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को हटवाने का मुद्दा उठाया। इस संबंध में बिसंडा के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के सभी अधिशासी अधिकारियों को प्लास्टिक के खिलाफ अधिक से अधिक छापेमारी करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने और नियमानुसार जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।