बेड पर सो रही तीन वर्षीय मासूम बालिका को सांप ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जिले में अलग-अलग स्थानों पर एक बालिका और एक युवक भी सर्पदंश का शिकार हुए हैं।
कमासिन थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी शशी 3 वर्ष पुत्री सुनील पटेल, मंगलवार रात अपनी सात वर्षीय बड़ी बहन सारिका के साथ बेड पर सो रही थी। देर रात बेड पर चढ़े सांप ने शशी के हाथ में डस लिया। दर्द से तड़पकर मासूम चीख पड़ी। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सीएचसी कमासिन ले गए। इसी दौरान सांप दोबारा बेड पर चढ़ आया, जहां मौजूद परिजनों ने उसे मार डाला। अस्पताल में चिकित्सकों ने शशी का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।उधर, शहर के ज्योति नगर निवासी नौ वर्षीय आरती पुत्री राबेंद्र बुधवार भोर कमरे से सामान निकालने गई थी। इसी दौरान कमरे में मौजूद सांप ने उसे डस लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव निवासी 18 वर्षीय अंकित पुत्र राजबहादुर मंगलवार शाम खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में सांप ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।