त्योहार के मद्देनजर पटाखों के भंडारण और बिक्री में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में अधिकारियों ने पटाखा गोदामों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया और लाइसेंस धारकों को निर्धारित क्षमता के भीतर ही भंडारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र तथा क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने कोतवाली नगर क्षेत्र के गन्छा गांव स्थित पटाखा गोदामों में छापेमारी की। अधिकारियों ने तीन गोदामों में पहुंचकर भंडारण की स्थिति की पड़ताल की और उपलब्ध पटाखों के स्टॉक का मिलान कराया। निर्धारित क्षमता से अधिक भंडारण पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस धारकों को निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए। उन्हें चेतावनी दी गई कि मात्रा से अधिक भंडारण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने पटाखों की बिक्री के दौरान भी सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा।