बाँदा-सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

SHARE:

सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय रैंकिंग में सुधार के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों, रैंकिंग और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बबेरू, महुआ और तिंदवारी विकासखंडों में लाभार्थियों की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना की फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग के मामले में बजट की कमी का विषय सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट अगले दिन मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे समस्या का समयबद्ध समाधान कराया जा सके।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने फैमिली आईडी में सुधार के साथ निर्धारित लक्ष्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को विभाग की कार्ययोजना और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की जांच करने को भी कहा। समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के लाभार्थियों की फैमिली आईडी में प्रगति सुधारने के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा विभाग को निःशुल्क जूता-मोजा योजना के लाभार्थियों की फैमिली आईडी का कार्य तेज करने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को सैम और मैम श्रेणी के बच्चों से संबंधित कार्यों में सुधार लाने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में अधूरे संपर्क मार्गों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने परियोजनावार और किलोमीटर के अनुसार लंबित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और नियमित समीक्षा कर उनमें तेजी लाने को कहा।
खराब रैंकिंग वाले विभागों पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिन योजनाओं में रैंकिंग खराब है, उनमें विशेष ध्यान देकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई