आगरा-सीईओ की पत्नी नगदी व जेवरात लेकर हुई फरार,तीन महीने पहले हुई शादी

SHARE:

मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा मोहन नगर निवासी विवांश वशिष्ठ उर्फ विपुल शर्मा, जो वीआईवीसीओएस (VIVCOS) परफ्यूम कंपनी के संस्थापक एवं CEO हैं, ने अपनी पत्नी दीप्ति शर्मा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर घर से ₹49.50 लाख की नकदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर गोविंद नगर थाने में पत्नी समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एफआईआर के अनुसार, विवांश वशिष्ठ की मुलाकात आगरा के सिकंदरा-बोदला निवासी दीप्ति शर्मा से काम के सिलसिले में हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती और फिर प्रेम संबंध बने, जिसके बाद उन्होंने विवाह कर लिया। आरोप है कि शादी के बाद जब उन्होंने विवाह का पंजीकरण कराने की बात कही, तो दीप्ति लगातार टालमटोल करती रहीं। पीड़ित का आरोप है कि 20 मार्च को दीप्ति अपने मायके जाने की बात कहकर घर से निकली और अगले दिन लौटने का आश्वासन दिया, लेकिन वापस नहीं आई। जब उन्होंने घर की जांच की तो ₹7.50 लाख नकद, करीब ₹42 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। उनका आरोप है कि यह पूरी घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। मामले में पत्नी दीप्ति शर्मा, शिव शंकर शर्मा, शीला शर्मा समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है। क्षेत्राधिकारी आशना चौधरी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई