चित्रकूट-गैंगरेप मामले में पुलिस की बड़ी सफलता,दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

चित्रकूट के देवांगना घाटी में किशोर को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में चित्रकूट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शनिवार शाम पुलिस मुठभेड़ में जितेंद्र पटेल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार शाम एसओजी, सर्विलांस और बहिलपुरवा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगरेप का आरोपी जितेंद्र पटेल उर्फ भोला मड़फा जंगल स्थित हुड़ा मोड़ पुल के पास मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बहिलपुरवा थाने में तैनात सिपाही राघवेंद्र सिंह के हाथ में भी गोली लगी थी। घायल आरोपी और सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसपी अरुण कुमार ने बताया कि फरार चल रहे अन्य दो इनामी आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। रविवार भोर करीब तीन बजे सूचना मिली कि विवेक कुमार पटेल (निवासी रैपुरवा माफी) और प्रवीण पटेल (निवासी कल्ला, भरतकूप) शिवरामपुर के मछरिया तिराहे के पास कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर एसओजी, सर्विलांस और बहिलपुरवा थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
22 जुलाई को मध्य प्रदेश के सतना जिले के नयागांव क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने किशोर मित्र के साथ चित्रकूट की प्रसिद्ध देवांगना घाटी घूमने आई थी। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को रोक लिया। इसके बाद किशोर के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और युवती को जंगल की ओर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी दोनों को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घाटी में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण पीड़ित तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दे सके। नीचे आने के बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर बहिलपुरवा थाने में गैंगरेप सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी तलाश शुरू की थी। एसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई