बिहार-70वीं बीपीएससी को लेकर छात्रों का हल्लाबोल, बैरिकेडिंग तोड़ राजभवन की ओर बढ़े

SHARE:

70वीं बीपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की जांच व परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पटना में गांधी मैदान से छात्र राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे। रास्ते में पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे तोड़ दिया। मौके पर पुलिस और छात्रों के बीच आमना-सामना भी हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि छात्रों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की बातचीत सकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें रोकेगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि बातचीत के बाद छात्र सहमत होंगे।
टीआरई-4 में सिंगल स्टेज परीक्षा की मांग
छात्रों का आंदोलन केवल 70वीं बीपीएससी परीक्षा तक सीमित नहीं है। अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 को सिंगल स्टेज में कराने और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा बिहार कर्मचारी चयन आयोग, दारोगा भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता सुशील कुमार ने कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से अभी तक ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाने की मांग की। उनके अनुसार कुछ छात्र पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
तेजस्वी यादव ने सरकार से की बातचीत की अपील
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीपीएससी विवाद को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों पर सकारात्मक बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने टीआरई-4 परीक्षा एक चरण में कराने, बीपीएससी मुख्य परीक्षा व साक्षात्कार में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों के साथ कथित भेदभाव खत्म करने तथा बीपीएससी, बीएसएससी, दारोगा और कांस्टेबल समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
लंबित परीक्षाओं की तारीख घोषित करने की मांग
छात्रों और विपक्ष की ओर से लंबित भर्ती परीक्षाओं का समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर जारी करने की भी मांग की जा रही है। इनमें बीएसएससी इंटरमीडिएट, सीजीएल, एएसओ, बीएसओ, लाइब्रेरियन और अकाउंटेंट भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोक रही है, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग पर अड़े हुए हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment