कानपुर-रेलिंग पर फंदे से लटका युवक, लगाए गंभीर आरोप

SHARE:

दलित उत्पीड़न और पुलिस कार्रवाई से परेशान होने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने मंगलवार सुबह आत्महत्या का प्रयास किया। युवक गले में फंदा डालकर रेलिंग से लटक गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के न्योरी गांव निवासी श्याम सुंदर कोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया। इससे पहले उसने एससी-एसटी आयोग को शिकायती पत्र भेजकर ग्राम प्रधान समेत कुछ लोगों पर जातीय उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और गांव से भगाने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर उत्पीड़न का आरोप
श्याम सुंदर का आरोप है कि गांव स्थित काली मां मंदिर के जीर्णोद्धार और कुछ लोगों की बेगारी नहीं करने को लेकर उसका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और अन्य लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकाया और गांव में रहने के लिए उनकी बेगारी करने का दबाव बनाया।
युवक ने यह भी दावा किया कि उसके पास पूरी घटना का वीडियो मौजूद है।
जानलेवा हमले का भी लगाया था आरोप
शिकायत में श्याम सुंदर ने आरोप लगाया था कि 22 नवंबर 2025 को उस पर जानलेवा हमला कराया गया। उसका कहना है कि थाने में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि पुलिस ने उसे ही पकड़कर मारपीट की और चालान कर दिया। युवक ने शिकायत में कहा था कि कथित जातीय और पुलिस उत्पीड़न से वह और उसका परिवार परेशान है तथा उन्हें गांव से भगाने का प्रयास किया जा रहा है। उसने पहले ही आशंका जताई थी कि उसके या परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए शिकायत में नामित लोग जिम्मेदार होंगे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई