बाँदा-शराब के नशे में कुल्हाड़ी से वार कर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

शराब के नशे में मामूली विवाद के बाद कुल्हाड़ी से वार कर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के महोखर निवासी भोला उर्फ दर्शन पुत्र जगनन्दन की सात अक्टूबर की शाम कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई थी। नौ अक्टूबर को मृतक के चाचा संजीव कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात लोगों ने उनके भतीजे की हत्या कर दी है। इसके बाद कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 270/2026, धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास से महोखर निवासी गोविन्द उर्फ गुड्डन पुत्र बृजमोहन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सात अक्टूबर की शाम वह मृतक के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान नशे में मामूली विवाद होने पर उसने कुल्हाड़ी से वार कर भोला उर्फ दर्शन की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
जांच के बाद हुआ घटना का खुलासा
पुलिस ने हत्या की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी टीम में शामिल
हत्या का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष संजीव चौंबे, उपनिरीक्षक अमित राजपूत, उपनिरीक्षक गौरव प्रताप सिंह, कांस्टेबल माधव सिंह, कांस्टेबल सचिन पटेल और महिला कांस्टेबल पुष्पा कुशवाहा शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर पुरुस्कृत किया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment