नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये प्रति लीटर महंगा किया है। नई दरें शनिवार तड़के से लागू हो गई हैं। कंपनी के इस फैसले का असर देशभर में उसके पेट्रोल पंपों पर पड़ेगा।
नायरा एनर्जी के देशभर में करीब 7,108 पेट्रोल पंप हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कंपनी के पंपों पर पेट्रोल-डीजल अब पहले की तुलना में महंगा मिलेगा। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर फिलहाल इस तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच कंपनी ने यह फैसला लिया है। इससे ईंधन की लागत पर दबाव बढ़ने की बात सामने आई है। इससे पहले नायरा एनर्जी ने 26 मार्च को भी पेट्रोल के दाम में पांच रुपये और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। बाद में एक जुलाई को कंपनी ने पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: पांच और तीन रुपये प्रति लीटर घटा दिए थे। अब कंपनी ने एक बार फिर दोनों ईंधनों की कीमत बढ़ा दी है। रेटिंग एजेंसी इक्रा के अनुमान के मुताबिक सितंबर में खुदरा कीमतें स्थिर रहने के दौरान तेल विपणन कंपनियों पर लागत का दबाव बना हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू ईंधन कारोबार पर भी पड़ रहा है।