कपड़ों से भरे कैंटर को लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और उसमें भरा करीब 55 लाख रुपये कीमत का कपड़ा बरामद किया गया है।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में 28 सितंबर की सुबह बलवापुर-बृजघाट मार्ग पर बदमाशों ने कपड़ों से भरे कैंटर को रोक लिया था। चालक और हेल्पर को बंधक बनाकर अपनी कार में बैठाया और अमरोहा क्षेत्र में छोड़ दिया था। इसके बाद बदमाश कपड़ों से भरा कैंटर लेकर फरार हो गए थे। मामले में गढ़मुक्तेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार दो अक्टूबर की रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने कैंटर को रोकने का प्रयास किया। बदमाश कैंटर लेकर भागने लगे और घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जावेद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अजीम, अमन, फरदीन और सुभान को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में आरोपियों ने 28 सितंबर को बलवापुर-बृजघाट मार्ग से कैंटर लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जावेद, अजीम, अमन, फरदीन और सुभान को गिरफ्तार किया है। इनमें जावेद मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर, करीब 55 लाख रुपये कीमत का कपड़ा, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।