1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही अपनी स्टारकास्ट की फीस को लेकर चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे सनी देओल सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कलाकार हैं। उन्हें कथित तौर पर 60 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा को करीब 10 करोड़ रुपये मिलने की बात कही जा रही है। अली फजल को भी फिल्म में अहम भूमिका के लिए करीब सात करोड़ रुपये मिलने की रिपोर्ट है। हालांकि इन फीस के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल और अभिमन्यु सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 1947 के विभाजन के दौरान लाहौर की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। इसमें दो परिवारों के बीच बदलते रिश्तों और उस दौर की परिस्थितियों को मानवीय नजरिये से दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म की कहानी एक मुस्लिम परिवार और एक हिंदू बुजुर्ग महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पुश्तैनी संपत्ति छोड़ने को तैयार नहीं होती। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तनाव रहता है, लेकिन आगे चलकर उनके बीच रिश्तों में बदलाव देखने को मिलता है। ‘बंटवारा 1947’ को पहले ‘लाहौर 1947’ नाम से बनाया गया था। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और इसे आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की बात कही गई है।