छोटे भाई अबान को अंतिम विदाई देने के बाद अली अहमद रविवार तड़के वापस झांसी जेल पहुंच गया। हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद वह पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज गया था। वहां भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने और स्वजन से मुलाकात के बाद पुलिस उसे लेकर वापस झांसी के लिए रवाना हो गई। जेल में दाखिल होते समय अली पूरी तरह खामोश रहा और किसी से बातचीत नहीं की। अली अपने भाई उमर और अजहम के साथ प्रयागराज पहुंचा था। परिवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निर्धारित समय दिया गया था। अली और उमर ने अबान को अंतिम विदाई दी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने अली को अपनी सुरक्षा में लिया और रात करीब आठ बजे प्रयागराज से झांसी के लिए रवाना हो गई। रातभर के सफर के बाद पुलिस टीम रविवार सुबह करीब पांच बजे अली को लेकर झांसी जेल पहुंची। जेल परिसर में दाखिल होते समय अली शांत रहा। उसने किसी से बातचीत नहीं की और सीधे जेल के भीतर चला गया। इस दौरान अली काफी मायूस के साथ चिंतित दिखा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अली को लेकर जेल पहुंची थी और उसे नियमानुसार जेल में दाखिल करा दिया गया है।