कक्षा तीन की छात्रा आद्या साहा ने इंडिया जीनियस अवॉर्ड ओलंपियाड 2026 में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। देशभर के 8.7 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बीच नेशनल रैंक-1 हासिल करने वाली आद्या की उपलब्धि ने कम उम्र में प्रतिभा और मेहनत की मिसाल कायम की है।
मैनपुरी की सुदिती ग्लोबल स्कूल की छात्रा आद्या साहा ने इंडिया जीनियस अवॉर्ड ओलंपियाड 2026 में यह उपलब्धि हासिल की है। 13 वर्षों से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के इतिहास में आद्या को अब तक की सबसे कम उम्र की “India Genius” बताया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।
आद्या को नेशनल रैंक-1 हासिल करने पर गोल्ड मेडल और लैपटॉप अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह छह सितंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। आयोजक संस्था के सीईओ अमित कुमार श्रीवास्तव ने आद्या को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि परिवार और स्कूल के साथ पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। आईपीएस पिता और डॉक्टर मां की बेटी हैं आद्या
आद्या साहा मैनपुरी के एसपी गणेश साहा की बेटी हैं। गणेश साहा को एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी के रूप में जाना जाता है। आद्या की मां कोमल साहा पेशे से डॉक्टर हैं और जरूरतमंद व गरीब लोगों की मदद के लिए भी जानी जाती हैं। ऐसे परिवार में पली-बढ़ी आद्या ने पढ़ाई में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर परिवार का नाम रोशन किया है। आयोजक संस्था के मुताबिक इंडिया जीनियस अवॉर्ड का उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित करना है। आद्या की उपलब्धि इसी उद्देश्य की उल्लेखनीय मिसाल बनी है।