नौकरी की तलाश में पहुंचे एक युवक ने पादरी समेत चार लोगों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को वीडियो समेत शिकायत दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
मामला झांसी जनपद के बबीना इलाके का है। हमीरपुर जिले के छेदी बेनी सरीला गांव निवासी पवन कुमार नौकरी की तलाश में झांसी आया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात बबीना में एक पादरी से हुई। पवन का आरोप है कि अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पादरी उसे अपने घर ले गया, जहां प्रार्थना सभा चल रही थी। शिकायत के अनुसार, वहां उसके सिर पर हाथ रखकर प्रार्थना की गई और पवित्र जल डालने समेत अन्य धार्मिक प्रक्रिया कराई गई। पवन का आरोप है कि बाद में उसे चर्च बुलाकर ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित पुस्तकें दी गईं और इन्हें अपने मित्रों व रिश्तेदारों को देने के लिए कहा गया। पवन के मुताबिक, जब उसने ईसाई धर्म अपनाने से इनकार कर वापस जाने की बात कही तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पादरी के कहने पर तीन लोगों ने उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने बबीना पुलिस से शिकायत की। कार्रवाई न होने पर एसएसपी से शिकायत की गई। एसपी सिटी को सौंपी गई जांच
शिकायत मिलने के बाद तत्कालीन एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने 23 जुलाई को एसपी सिटी प्रीति सिंह को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। पवन ने 22 जुलाई को एसएसपी से शिकायत की थी। एसपी सिटी ने एक अगस्त को उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया, लेकिन पवन ने खतरे की आशंका जताते हुए वहां पहुंचने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि शिकायतकर्ता से अभी संपर्क नहीं हो सका है और उससे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। एक माह बाद भी एफआईआर नहीं
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले में काफी समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिस को वीडियो समेत शिकायती पत्र दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।