वाराणसी-22 लाख की सुपारी लेकर की थी श्रेया की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच में सामने आया कि हत्या की सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने मऊ निवासी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच और राजातालाब पुलिस की संयुक्त टीम ने जमुनी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुनीत ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए।
22 लाख रुपये में हत्या की सुपारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पुनीत ने बताया कि वह मुख्य आरोपी विवेक चौबे का पुराना दोस्त है। विवेक ने श्रेया उपाध्याय की हत्या में मदद के बदले उसे 22 लाख रुपये देने का सौदा किया था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और कैब चालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पुनीत तक पहुंची।
20 अगस्त को रोहनिया क्षेत्र के बच्छांव स्थित एक मकान से श्रेया का शव बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर मुख्य आरोपी विवेक चौबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में विवेक के साथ एक अन्य संदिग्ध युवक के आने-जाने की जानकारी सामने आई थी। कैब चालक से मिले मोबाइल नंबर और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर संदिग्ध की पहचान पुनीत मिश्रा के रूप में हुई।
मुख्य आरोपी की तलाश तेज
पुलिस अब मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि पुनीत से पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और मुख्य आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी मिल सकती है। विवेक की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने कहा कि फरार अभियुक्त को भी जल्द पकड़ा जायेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई