कानपुर-250 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में दो वांछित गिरफ्तार,मास्टरमाइंड विदेश फरार

SHARE:

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने करीब 250 करोड़ रुपये के संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन और साइबर ठगी से जुड़े बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने किया। उन्होंने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा देश छोड़कर विदेश भाग गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह नोबस्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिबियापुर (औरैया) का रहने वाला है और वर्तमान में बर्रा, कानपुर में रह रहा था। दूसरा आरोपी शिवम सिन्हा है, जो रतनलाल नगर, कानपुर का निवासी है। दोनों पर 125 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में भी पुलिस को तलाश थी। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से अब तक 125 बैंक खातों का पता चला है। इन खातों के संबंध में देशभर से राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर करीब 1600 शिकायतें दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 से 2026 के बीच इन खातों में करीब 250 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खातों में जमा 4.25 करोड़ रुपये फ्रीज करा दिए हैं। जांच में पता चला कि राजवीर सिंह पहले फिनो पेमेंट्स बैंक में फील्ड वर्कर था। उसका काम लोगों के बैंक खाते खुलवाना था। कोविड काल में उसने अन्य बैंकिंग संस्थानों से जुड़े काम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के दस्तावेज जुटाए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते खुलवाए गए और उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया गया। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और अवैध धन के लेनदेन में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह संगठित तरीके से काम करता था। देशभर में साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा कराई जाती थी और बाद में अलग-अलग माध्यमों से निकालकर आगे भेज दी जाती थी। इसके एवज में खाताधारकों और गिरोह के सदस्यों को कमीशन दिया जाता था। जांच में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि विदेश भागे मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा की गिरफ्तारी के लिए केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है। पुलिस बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई