बाँदा-बेहतर व्यवहार से जीतेगा जनता का भरोसा, पुलिसकर्मियों को मिला खास प्रशिक्षण

SHARE:

“बेहतर व्यवहार • बेहतर विचार • बेहतर संवाद • बेहतर पुलिसिंग” के संदेश के साथ पुलिसकर्मियों को आधुनिक पुलिसिंग के नए तौर-तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था के साथ जनता का विश्वास जीतने के लिए विनम्र व्यवहार, प्रभावी संवाद और संवेदनशील रवैया अपनाने पर जोर दिया गया।
 पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के मार्गदर्शन में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सम्प्रेक्षा गृह में मंगलवार को परिक्षेत्र स्तरीय ‘बिहेवियरल, कम्युनिकेशन एंड सॉफ्ट स्किल्स’ कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश के पुलिस उपमहानिरीक्षक देव रंजन वर्मा ने बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला में चारों जनपदों के 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
तनावपूर्ण हालात में भी संयम और संवेदनशीलता का पाठ
कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सेवाभाव, सकारात्मक सोच और प्रभावी संवाद कौशल के साथ सांस्कृतिक संवेदनशीलता, सामाजिक व्यवहार तथा आमजन और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का प्रशिक्षण दिया गया। विश्वास कायम करने, बेहतर तालमेल, मिलकर समस्या का समाधान करने, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिसकर्मियों को सभ्यता एवं संस्कृति के मूल्यों, मानवीय संवेदनशीलता, धैर्य, विनम्रता और टीम भावना के महत्व से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सकारात्मक व्यवहार, संवेदनशील सोच और सेवाभाव के जरिए जनता का विश्वास अर्जित करना भी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
संवाद बेहतर होगा तो मजबूत होगा पुलिस-जनता का रिश्ता
कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के व्यवहार और संवाद कौशल को विकसित करने के साथ तनावपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित एवं सकारात्मक व्यवहार करने की क्षमता बढ़ाना रहा। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व बेहतर संवाद मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन संवेदनशीलता, अनुशासन, ईमानदारी, सेवाभाव और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के माध्यम से पुलिसकर्मियों को संदेश दिया गया कि बेहतर व्यवहार और बेहतर संवाद ही बेहतर पुलिसिंग की मजबूत नींव है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment