बाँदा-भूमि पूजन तथा शिलान्यास कर विधायक ने दी कई सड़कों की सौगात

SHARE:

विभिन्न संपर्क मार्गों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करते हुए सदर विधायक ने करीब 300 करोड़ की लागत से बनने वाली कई सड़को की सौगात दी है। गुरुवार को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के द्वारा त्वरित आर्थिक विकास निधि योजना वर्ष 2025-26 एवं बुंदेलखंड विकास निधि राज्यांश के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी तथा स्थानीय नागरिकों,किसानों एवं विद्यार्थियों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने विकास खंड बड़ोखर खुर्द की ग्राम पंचायत कनवारा में कुल तीन महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में ग्राम पंचायत कनवारा के मजरा बैजू के डेरा में निषाद बस्ती से करिया नाला मेन रोड तक 1.250 किलोमीटर लंबाई के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है। जिसकी लागत ₹109.50 लाख है। इसके अतिरिक्त ब्रम्हाडेरा में लखना के मकान से बरात घर होते हुए दुर्जा निषाद के मकान की ओर 0.600 किलोमीटर लंबाई के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य ₹44.73 लाख की लागत से कराया जाएगा। वहीं मजरा टिकरी में निषाद बस्ती से रामभवन खंगार के मकान की ओर 0.700 किलोमीटर लंबाई के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य ₹64.18 लाख की लागत से कराया जाएगा। इसके पूर्व बुधवार को सदर विधायक के द्वारा बुंदेलखंड विकास निधि राज्यांश के अंतर्गत विकास खंड बिसंडा की ग्राम पंचायत अमवां में प्रजापति मोहल्ले से बांदा-बिसंडा मार्ग तक संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया था। लगभग ₹65.80 लाख की लागत से बनने वाले इस 0.900 किलोमीटर लंबे मार्ग में 700 मीटर डामरीकरण एवं 200 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जिससे गांवों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिले तथा आमजन को बेहतर आवागमन सुविधाएं प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनका संकल्प है और इसी उद्देश्य से निरंतर जनहित के कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ,राहुल सिंह,नगर महामंत्री आशीष शुक्ला,नगर उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला,नगर उपाध्यक्ष साकेत सिंह,बिहारी साहू, नितेश निगम,नगर मंत्री सज्जन द्विवेदी,कुलदीप तिवारी,योगेंद्र योगी,शिव प्रताप सिंह,संतोष शुक्ला एवं सेक्टर संयोजक चंद्रशेखर निषाद सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment