रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में खाद्य विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध डोडा बर्फी की करीब 20 किलोग्राम मात्रा मौके पर ही नष्ट कराई गई, जबकि खुले सरसों के तेल के सात टीन सीज कर दिए गए। इसके साथ ही खोया भी नष्ट कराया गया।
जनपद बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देशन और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के क्रम में बुधवार को खाद्य सचल दल ने सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, बांदा के नेतृत्व में अभियान चलाया। अशोक लाट तिराहा कचहरी के पास एक पिकअप वाहन में मिठाई बिक्री करते हुए व्यक्ति को जांच के लिए रोका गया। पूछताछ में उसने बताया कि मिठाई महोतरा रोड, आजाद नगर अतर्रा स्थित राजू बघेल के निर्माण प्रतिष्ठान से लाई गई है। मौके पर प्रतिष्ठान का खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) पंजीकरण भी दिखाया गया। निरीक्षण के दौरान डोडा बर्फी और दूध बर्फी के नमूने लिए गए। डोडा बर्फी खाने पर प्रथम दृष्टया ठीक नहीं लगी, जिसके चलते करीब 20 किलोग्राम डोडा बर्फी मौके पर ही नष्ट करा दी गई। इसके बाद टीम ने अवंती नगर स्थित आरोहना एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के भंडार गृह का निरीक्षण किया। यहां खुले सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। कार्रवाई के दौरान खुले तेल के सात टीन, कुल करीब 103 किलोग्राम, जिनका अनुमानित मूल्य 18,540 रुपये बताया गया, सीज कर दिए गए। सीज किए गए तेल को मैनेजर शिवप्रकाश पांडेय की अभिरक्षा में दिया गया। मिठाई प्रतिष्ठानों में भी हुई जांच
खाद्य सचल दल ने बाबूलाल चौराहा स्थित गुप्ता स्वीट भंडार और चौरसिया मिष्ठान भंडार के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। यहां मिठाइयों का रख-रखाव और गुणवत्ता प्रथम दृष्टया ठीक पाई गई। इसके अलावा कचहरी तिराहा, सिविल लाइन स्थित बासू स्वीट हाउस, बोडेराम हलवाई एंड सन्स और लक्ष्मी स्वीट हाउस के निर्माण स्थलों एवं भंडार गृहों की भी जांच की गई। 20 किलो जब्त खोया भी कराया नष्ट
अभियान के दौरान 25 अगस्त को कैंथी बाजार खोया मंडी से जब्त किए गए 20 किलोग्राम खोये को भी नष्ट कराया गया। कार्यालय में रखे इस खोये को लेने के लिए कोई व्यापारी नहीं पहुंचा था। खाद्य विभाग की टीम ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को मिलावट रहित खाद्य पदार्थों की बिक्री करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। विभाग ने रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर अभियान जारी रखने की बात कही।