अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को 135 क्वार्टर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा अवैध शराब की बिक्री और निष्कर्षण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मटौंध थाना पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर खैराडा गांव के सामने अर्धनिर्मित पुल के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 135 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुशील पुत्र राजकुमार निवासी ज्योति नगर, तिंदवारी रोड, कोतवाली नगर, बांदा के रूप में हुई है।
आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मटौंध थाने में मु0अ0सं0 157/26 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मणिशंकर मिश्र और कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध शराब की बिक्री और निष्कर्षण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।