आजमगढ़-अलकायदा से जुड़े आतंकी को एटीएस ने दबोचा, युवाओं को आतंकी विचारधारा से जोड़ने का आरोप

SHARE:

आतंकी संगठन से जुड़े एक संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एटीएस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रतिबंधित संगठन की विचारधारा से जोड़ने और देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
आजमगढ़ के महमूरपुर क्षेत्र के चितारा गांव निवासी मोहम्मद नबील को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी कि नबील प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था। इसके बाद एटीएस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की।
सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप
एटीएस के अनुसार नबील ने सोशल मीडिया के एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म पर ग्रुप बनाकर युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया। जांच में एक व्हाट्सऐप ग्रुप के बारे में जानकारी मिलने की बात सामने आई है, जिसमें जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ विदेशों से जुड़े लोगों के शामिल होने का भी दावा किया गया है।
एटीएस का आरोप है कि नबील युवाओं को जिहाद के लिए तैयार करने, धन जुटाने और हथियारों का प्रशिक्षण लेने की योजना से जुड़ा था। उसके मोबाइल फोन की जांच में प्रतिबंधित संगठन की विचारधारा से संबंधित सामग्री के प्रसार और सोशल मीडिया गतिविधियों के साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।
विदेश जाकर प्रशिक्षण की तैयारी का भी आरोप
जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने की तैयारी कर रहा था। एटीएस ने उसके कुछ ऑनलाइन संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। एटीएस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगने की तैयारी में है। जांच एजेंसी का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी के संपर्कों, सोशल मीडिया नेटवर्क और कथित आतंकी गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई