शराब के नशे में मामूली विवाद के दौरान पड़ोसी पर फरसे से हमला करने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त फरसा बरामद किया है।
मामला बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पवइया गांव का है। 18 सितंबर 2026 को गांव निवासी जयकरन उर्फ लीडर और उसके पड़ोसी चुन्नीलाल के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान चुन्नीलाल ने पहले जयकरन पर प्रहार किया था। इसके बाद फरसा छीनने के बाद जयकरन ने चुन्नीलाल पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान 30 सितंबर को उसकी मौत हो गई। पुराने विवाद के चलते हुई थी घटना
जयकरन उर्फ लीडर और चुन्नीलाल के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि आरोपी मृतक की हरकतों से परेशान था। चुन्नीलाल पहले भी कथित तौर पर फर्जी आरोप लगवाकर आरोपी को जेल भिजवा चुका था। घटना वाले दिन भी मृतक की आरोपी को मारने की योजना होने की बात सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार हुआ आरोपी
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 अक्टूबर को बबेरू पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जयकरन उर्फ लीडर को बबेरू-बांदा मार्ग पर गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के पास नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फरसा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी जयकरन उर्फ लीडर पुत्र चंद्रपाल निवासी ग्राम पवइया, थाना बबेरू के विरुद्ध पहले भी आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, वर्ष 2016 और 2022 में आबकारी अधिनियम तथा वर्ष 2020 में शस्त्र अधिनियम के तहत उसके विरुद्ध मामले दर्ज किए गए थे। इस मामले में थाना बबेरू में मुकदमा अपराध संख्या 319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110, 115(2), 352 और 351(3) में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय द्विवेदी, उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार मिश्रा, आरक्षी स्पेन्द्र पाल, सुशील कुमार और अमित कुमार मौर्य शामिल रहे।