उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों, पशुपालकों, कर्मचारियों और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें पशुपालन को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, एक्सप्रेसवे निर्माण और जल परिवहन को व्यवस्थित करने से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं। पशुपालकों को सहायता और कर्मचारियों को कैशलेस इलाज
कैबिनेट के फैसलों के तहत पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए एक गाय पर 50 हजार रुपये अनुदान देने का प्रावधान बताया गया है। पशु बीमा की कुल लागत का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार और 15 प्रतिशत हिस्सा पशुपालक को वहन करना होगा। इसके साथ ही उन्नत नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देने, दूध उत्पादन बढ़ाने तथा मुर्गी और बकरी पालन को प्रोत्साहित करने की योजना है।
शिक्षा क्षेत्र में अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन और संस्कृत विद्यालयों के 48,062 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक कर्मचारी के बीमा प्रीमियम के लिए सरकार तीन हजार रुपये देगी, जिस पर कुल 14.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चार लिंक एक्सप्रेसवे और जल परिवहन व्यवस्था को मिलेगी गति
कैबिनेट ने चार लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के प्रस्तावों पर सहमति दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 17,542 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इन्हें तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला मार्ग, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे शामिल हैं।
जल परिवहन को व्यवस्थित करने के लिए नावों के पंजीकरण, यात्रियों और नाविकों के बीमा तथा अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरण के गठन का भी प्रस्ताव है। गंगा और यमुना समेत प्रदेश की 11 नदियों पर जल परिवहन की संभावनाओं को विकसित करने की योजना है। इसके अतिरिक्त झांसी और ललितपुर में भंडारण क्षमता बढ़ाने, सैनिक स्कूल मैनपुरी के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराने और कंपनियों के विलय एवं विभाजन से संबंधित स्टांप शुल्क व्यवस्था में बदलाव के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।