प्रेमिका को मोबाइल दिलाने पर परिजनों ने प्रेमी की पिटाई कर दी। जिससे क्षुब्ध होकर प्रेमी युवक ने जहर खाकर जान दे दी। युवक के पिता ने बरेली जनपद के बिथरी चैनपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहनपुर रामनगर निवासी गंगादेव शर्मा ने बताया कि वह कारपेंटर हैं। उनका 21 साल का बेटा आदित्य शर्मा भी साथ में यही काम करता था। पहले वह परिवार सहित जगतपुर में किराये पर रहते थे। वहां रहने वाली एक युवती से उनके बेटे आदित्य की बचपन से दोस्ती थी। 23 जून को आदित्य उसी युवती के साथ नया मोबाइल फोन खरीदने बटलर प्लाजा मार्केट गया था। मोबाइल फोन खरीदकर आदित्य उस युवती के साथ अपनी नानी के घर चला गया। इस वजह से दोनों को आने में देरी हो गई तो युवती के पिता प्रमोद भारद्वाज, भाई अंकुर भारद्वाज, चचेरा भाई आदित्य भारद्वाज और मां बीना उनके घर आ धमके। वे अपनी बेटी के बारे में पूछने लगे। तब उन्होंने अपने बेटे से फोन पर बात की और उसे नानी के घर से तुरंत आने के लिए कहा। उनका बेटा थोड़ी देर में उस युवती के साथ आ गया। उन्होंने उस युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
युवक को बेरहमी से पीटा
इसके बावजूद युवती के घरवाले उनके बेटे से मारपीट व अभद्रता करने लगे। उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की। तर्क दिया कि इससे पहले भी उनके बेटे ने एक मोबाइल फोन खरीदा था तो युवती व उसकी मां बीना भारद्वाज दोनों साथ गई थीं, पर आरोपी नहीं माने और उनके बेटे को जमकर पीटा। आसपास के लोग आ गए तो ये लोग आदित्य को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सल्फास खाने के बाद घर मे किया फोन
पिता के मुताबिक, घटना से आहत आदित्य 24 जून को घर से निकल गया। वह लोग उसे खोजते रहे। शाम को आदित्य ने कॉल की। कहा कि मम्मी-पापा मैंने सल्फास खा ली है। मैं घर आ गया हूं। आखिरी बार मेरा चेहरा देख लो। वह और उनकी पत्नी तुरंत घर पहुंचे। वहां आदित्य उल्टियां कर रहा था। वह लोग उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची बिथरी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। एसपी उत्तरी मकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।