जन शिकायतों का समय से निस्तारण कराते हुए पीड़ितों को भी संतुष्ट करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। उपरोक्त निर्देश आयोजित समाधान दिवस के दौरान आयुक्त तथा डीआईजी ने अपने अधीनस्थों को दिए।
शनिवार को जनपद के सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस पर आयुक्त चित्रकूट धाम अजीत कुमार तथा डीआईजी राजेश एस ने गिरवा थाने में पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 9 शिकायते आई। जिस पर कई शिकायतों का आयुक्त तथा डीआईजी ने मौके पर निस्तारण किया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अपने अधीनस्थों को निर्देशित किया। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीआईजी राजेश एस ने कहा पुलिस से संबंधित जितनी भी शिकायतें हैं। उनका शीघ्रता से निस्तारण करायें। इस मौके पर एसडीएम नरैनी अंजली यादव,सीओ प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।
डीएम अमित आसेरी एवं एसपी पलाश बंसल ने थाना समाधान दिवस कोतवाली नगर में जनसमस्याएं सुनी। साथ ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को सुना। समाधान दिवस में कुल 11 शिकायते आई। इस दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत के तथ्यों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के डीएम,एसपी के द्वारा निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को सुनते हुए निष्पक्ष,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों का निस्तारण करे। जिससे विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक के दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं। उन मामलों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ समस्या का समाधान कराएं। डीएम अमित आसेरी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। एसपी पलाश बंसल ने निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस से संबंधित मामलों को मौके पर जाकर निस्तारण करायें। इसके साथ ही फरियादियों को भी संतुष्ट करें। इस दौरान एसडीएम सदर नमन मेहता,सहायक एसपी मेविस टॉक आदि मौजूद रही। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने जनपद के बिसंडा के अलावा कमासिन थाने में जनसुनवाई करते हुए कई शिकायतें मौके पर निस्तारित की। एसडीएम अतर्रा राहुल द्विवेदी तथा को प्रतिज्ञा सिंह ने अतर्रा थाने में समाधान दिवस पर शिकायतो को सुना। सीओ सदर सौरभ सिंह चिल्ला थाना पहुंचे। जहां उन्होंने जनसुनवाई की। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी बिसंडा थाना पहुंचकर समाधान दिवस पर समस्याएं सुनते हुए कई मामले मौके पर निस्तारित कराये। इसी तरह जनपद के सभी थानों में समाधान दिवस पर कुल 154 शिकायतें आई। जिसमें से 62 शिकायतों का पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा मौके पर निस्तारण किया गया।