जनपद निवासी साहित्यकार को ‘संगम अकादमी सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है। सम्मानित किए जाने पर उनके चहेतों ने खुशी जताई है।
साहित्य,शिक्षा,कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सुकदेव सिंह लवकुश महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता,मेवादेव को संगम अकादमी एवं पब्लिकेशन,कोटा (राजस्थान) द्वारा प्रतिष्ठित ‘संगम अकादमी सम्मान 2026’ से अलंकृत किया गया है। संस्था के निदेशक ओम प्रकाश लववंशी एवं सचिव अनिल कुमार ने बताया कि डॉ. गुप्ता को यह सम्मान उनके द्वारा साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए असाधारण कार्यों,निस्वार्थ सेवा तथा समाज को नई दिशा प्रदान करने वाली उनकी सृजनात्मक प्रतिभा के लिए प्रदान किया गया है। सम्मान पत्र में उनकी उपलब्धियों और विशिष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।सम्मान समारोह ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हुआ। जिसमें देशभर के साहित्यकारों ने भाग लिया। डॉ. गुप्ता वर्तमान में वर्ल्ड यूनियन ऑफ पोएट्स (इटली) में सेक्रेटरी जनरल के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें हैती, नाइजीरिया,ब्राजील एवं सर्बिया की विभिन्न अकादमियों द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधियाँ भी प्रदान की जा चुकी हैं।इतना ही नहीं,अफ्रीकी देश बिरलैंड ने उनके सम्मान में डाक टिकट भी जारी किया है। उनके साहित्यिक कार्यों पर अतर्रा पी.जी. कॉलेज, बाँदा के एम.एड. छात्र मान सिंह द्वारा लघु शोध भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
वर्तमान में सुकदेव सिंह लवकुश महाविद्यालय, बबेरू (बाँदा) के प्राचार्य के रूप में कार्यरत डॉ. गुप्ता अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का सफल आयोजन भी कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा,विधायक प्रकाश द्विवेदी,सुधीर कुशवाहा,डॉ. प्रमोद सैरहा,दीपाली गुप्ता,कल्लू सिंह राजपूत,अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’,अमित सेठ भोलू, दिनेश दीक्षित एवं सुरेंद्र पाठक आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई देने के साथ खुशी जताई है।