फोन पर मंगेतर से हुए विवाद के बाद युवती ने रस्सी से फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बिसंडा थाना क्षेत्र के तेदुरा गांव निवासी 20 वर्षीय पूनम पुत्री मुन्ना प्रजापति ने रविवार की रात कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार की सुबह मां चुनकी खेत जा रही थी। तब उसने पूनम को जगाया लेकिन वह कमरे से बाहर नही निकली। इसके बाद मां खेत चली गई। इसके बाद पिता ने आवाज लगाई। लेकिन अंदर से कोई आहट नहीं मिली। पिता ने रोशन दान से झांक कर देखा तो उसका शव फंदे पर लटक रहा था। पिता ने बताया कि पूनम की पन्ना जिले के लामी गांव में शादी तय हो गई थी। फोन पर वह अपने होने वाले मंगेतर से बात चीत करती थी। रविवार की रात उसने खाना बना कर सभी को खिला और खुद खाया रात को वह फोन पर बात कर रही थी। मां ने कहा था कि रात ज्यादा हो गई है। सो जाओ सुबह जल्दी उठना पड़ेगा। किसी बात को लेकर पूनम का मंगेतर से विवाद हो गया। इसी बात से नाराज होकर उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि काल डिटेल निकलवा कर मामले जांच पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।