एक खुशियों भरा सफर अचानक जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार छह युवकों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार तड़के करीब पांच बजे पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के बघरा बाईपास के पास यह हादसा हुआ। हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले छह युवक हुंडई ऑरा कार से हरिद्वार जा रहे थे। बताया गया कि कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार पहले बिजली के खंभे से टकराई, फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा टूट गया और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार में आग लग गई। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार सवार सभी छह युवकों की मौत हो चुकी थी। दिवाली मनाने के बाद निकले थे हरिद्वार
जानकारी के मुताबिक, सभी दोस्तों ने पहले अपने-अपने घरों में दिवाली मनाई थी। इसके बाद वे परिवार वालों को बिना बताए हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए निकल पड़े। बताया गया कि उन्होंने कैब बुक की थी और देर रात करीब एक बजे गांव से रवाना हुए थे। रास्ते में तितावी क्षेत्र के पास हादसा हो गया। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अजय (22), अमन (24), राहुल (21), अंकित (19), साहिल (24) और अंकित (23) के रूप में हुई है। इनमें राहुल और अंकित सगे भाई थे। सभी हरियाणा के हिसार जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।