विकास कार्यों में तेजी लाने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी योजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी कराई जाएं।
सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, बीज वितरण और खाद की उपलब्धता की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने किसानों को समय से खाद, बीज और कृषि निवेश उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी और पीएचसी में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने को कहा, ताकि मरीजों को उपचार के लिए भटकना न पड़े। पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की सूची तैयार कर उनके लोकार्पण और नए कार्यों के शिलान्यास की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की गुणवत्ता और पेयजल आपूर्ति पर निगरानी
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को योजना के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि जल संस्थान की पुरानी पानी की टंकियों से पहले की तरह जलापूर्ति जारी रखी जाए, ताकि नई व्यवस्था के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न हो। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन भी शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। पशुपालन विभाग की समीक्षा में निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर गौशालाओं में संरक्षित करने और सड़कों पर छुट्टा गोवंश दिखाई न देने के निर्देश दिए गए। सर्दी को देखते हुए गौशालाओं में चारा, पानी और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने तथा गोवंश के शवों का सम्मानजनक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।
औद्योगिक क्षेत्र, पर्यटन स्थलों और किसानों की समस्याओं पर दिए निर्देश
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि पानी की टंकी के निर्माण का प्रस्ताव यूपीसीडा को भेजा गया है। उन्होंने जल्द पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। पर्यटन स्थलों की समीक्षा में धार्मिक एवं आस्था से जुड़े प्रमुख स्थलों के पहुंच मार्ग बेहतर बनाने और साफ-सफाई सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मॉडल अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा गया।
राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने सरकारी नलकूपों पर ट्रांसफार्मर की पर्याप्त व्यवस्था कराने का मुद्दा उठाया, जिससे किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। विधायक नरैनी ओम मणि वर्मा ने अतर्रा चौराहे से ओरन चौराहे तक सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने और जनपद की खराब सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की मांग रखी। पुलिस के व्यवहार में दिखे सम्मान और संवेदनशीलता
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक और गलत चालान न किए जाएं तथा किसी भी नागरिक के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग न हो। पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे जनता में विश्वास कायम रहे। इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी थानों के प्रभारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, गश्त और जनता से सीधा संवाद बनाए रखने को कहा। पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने पर भी जोर दिया गया।
उप जिलाधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण और राजस्व मामलों के लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में राज्य मंत्री रामकेश निषाद, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओम मणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए। कानून व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखने की हिदायत
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।