भगवान की प्राप्ति केवल मानवीय प्रयास से नहीं, बल्कि प्रभु की कृपा से होती है। भक्त का निरंतर प्रयास एक मिस कॉल की तरह है, जिसका जवाब ठाकुर जी अपनी इच्छा से रिटर्न कॉल करके देते हैं। माता शबरी का जीवन परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा का ऐसा उदाहरण है, जो प्रत्येक भक्त को प्रभु की भक्ति का मार्ग दिखाता है।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जेएन कॉलेज मैदान में गुरुवार से पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का भक्तिमय शुभारंभ हुआ। व्यास पीठ से कथा का रसपान कराते हुए कथावाचक इंद्रेश महाराज ने प्रथम दिन हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का वर्णन किया। चित्रकूट धाम की पावन भूमि की निकटता का स्मरण करते हुए उन्होंने माता शबरी के चरित्र से कथा प्रारंभ की।
कथा का निर्धारित समय दोपहर तीन बजे था, लेकिन वृंदावन से सीधे बांदा पहुंचने के कारण कथावाचक शाम चार बजे कथा पंडाल पहुंचे। यहां सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी ने व्यास पीठ पूजन और तुलसी पूजन कर उनका स्वागत किया। इसके बाद कथा प्रारंभ हुई। कथा के दौरान प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा ने भी पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया और कथा श्रवण किया। कथावाचक ने लक्ष्मी, गरुड़, सुनंद आदि पार्षदों के साथ हनुमान, जामवंत, सुग्रीव, विभीषण, माता शबरी, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर, सुदामा और पांडवों को हरिवल्लभ भक्तों की श्रेणी में बताया। उन्होंने कहा कि इन भक्तों की विशेषता यह रही कि वे भगवान के पीछे नहीं भटके, बल्कि उनकी अनन्य प्रार्थना से प्रसन्न होकर प्रभु स्वयं चलकर उनके पास आए। हनुमान, ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव और माता शबरी इसके उदाहरण हैं। भगवत प्राप्ति में मानवीय पुरुषार्थ और ईश्वर की कृपा का अंतर समझाते हुए उन्होंने आधुनिक उदाहरण दिया। कहा कि किसी को राम या कृष्ण केवल अपने प्रयास से नहीं, बल्कि ठाकुर जी की इच्छा से प्राप्त होते हैं। हमारा प्रयास एक मिस कॉल की तरह है, जो प्रतिदिन ठाकुर जी के पास जाती है। जब बांदा से लगातार हजारों मिस कॉल पहुंचेंगी, तब ठाकुर जी स्वयं एक दिन रिटर्न कॉल करके भक्तों से मिलने आएंगे।
माता शबरी के जीवन से परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा को भक्ति के तीन प्रमुख सूत्र बताते हुए कथावाचक ने कहा कि शबरी ने 10 हजार वर्षों तक प्रभु मिलन के लिए परिश्रम और प्रतीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कम से कम तीन बार प्रातःकाल, दोपहर और रात्रि में सोने से पहले भगवद स्मरण करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आज जितना प्रभु का स्मरण किया जाए, कल उससे कम नहीं होना चाहिए, बल्कि भक्ति का क्रम निरंतर बढ़ना चाहिए।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, पूरा पंडाल हुआ राममय
कथा के दौरान कथावाचक ने गोस्वामी तुलसीदास की विनय पत्रिका का प्रसिद्ध पद “को उदार जग माहीं, बिन सेवा जो द्रवै दीन पर, राम सरिस कोउ नाहीं” गाकर श्रद्धालुओं से सामूहिक गायन कराया। पूरा पंडाल तालियों की गूंज के बीच राममय हो गया। इसके अलावा “अगर उनसे मिलने की दिल में तमन्ना, तो करते रहो यतन धीरे-धीरे…” भजन पर भी श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। कथावाचक ने बांदावासियों की ओर से ठाकुर जी को बांदा आने का भावपूर्ण आमंत्रण भी दिया।
शीर्षक को छोटा और प्रभावी बनाएं
भूमिका को अधिक समाचारपरक करें
तथ्यों और उद्धरणों की भाषा सुधारें






