लगातार रासायनिक खादों के प्रयोग से खेतों की मिट्टी प्रदूषित हो रही है। इसका सीधा असर फसलों की पैदावार और मृदा स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए किसानों को हरी खाद, जैविक खाद और फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करना चाहिए। जल संरक्षण के लिए बौछारी और टपक सिंचाई पद्धति अपनाना भी जरूरी है।
कृषि विज्ञान केंद्र में 26 नवंबर को एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और कृषकों को पुष्पगुच्छ देकर किया गया। केंद्र के अध्यक्ष वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. श्याम सिंह ने अतिथियों और किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि लगातार रासायनिक खादों के इस्तेमाल से मिट्टी का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए जैविक खाद, हरी खाद, फसल चक्र में दलहनी फसलों का समावेश और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उद्यान महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सुभाष चंद्र सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि बुंदेलखंड जैसे सूखा प्रभावित क्षेत्र में बागवानी फसलों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने स्थानीय फलदार फसलों में अमरूद, आंवला, नींबू वर्गीय फल और कैथा का क्षेत्रफल बढ़ाने पर जोर दिया। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. चंचल सिंह ने सब्जीवर्गीय फसलों और फलों में लगने वाले कीट एवं बीमारियों के नियंत्रण के लिए समेकित नाशीजीव प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को फसलों को कीट और रोगों से सुरक्षित रखने के उपाय बताए। जल संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य पर जोर
डॉ. श्याम सिंह ने पानी के सदुपयोग पर प्रकाश डालते हुए किसानों को बौछारी और टपक सिंचाई पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के उचित प्रबंधन और जैविक खादों के इस्तेमाल को खेती के लिए महत्वपूर्ण बताया। 60 किसानों ने लिया प्रशिक्षण में हिस्सा
कार्यक्रम में 12 महिला कृषकों सहित कुल 60 किसानों ने प्रतिभाग किया। अंत में वैज्ञानिक डॉ. दीक्षा पटेल ने सभी अतिथियों और कृषकों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्र के ई. अजीत कुमार निगम, कमल नारायण बाजपेयी, अंकिता निगम, चंद्रशेखर और विकास गुप्ता का विशेष योगदान रहा।