मेडिकल कॉलेज के सरकारी आवास में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए मध्य प्रदेश के एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 4160 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे राज्यों में भी मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल और बड़े सुनसान आवासों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज के सरकारी आवास में 18 अगस्त की रात चोरी हुई थी। आवास में रहने वाले चिकित्सक विकास ने 19 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस व सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस व सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद झांझरा वाले जंगल से मध्य प्रदेश के धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गुराड़िया गांव निवासी राजेश पुत्र कालू को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने सगे भाई सुमल और दो अन्य साथियों के साथ 18 अगस्त की रात बाउंड्री फांदकर दो आवासों के दरवाजों की कुंडी तोड़कर चोरी करने में शामिल था। आरोपी ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता और आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामदगी में पीली धातु के 45 ग्राम और 29 ग्राम के दो टंच माल, सफेद धातु का एक छल्ला, एक साड़ी पिन, दो ज्वैलरी बैग और 4160 रुपये नकद शामिल हैं। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 416/26 के तहत बीएनएस की धारा 305, 331(4) और 317(2) में अभियोग दर्ज है। फरार आरोपियों की जारी है तलाश
पुलिस के मुताबिक, मामले में मध्य प्रदेश के धार जिले के गुराड़िया गांव निवासी सुमल पुत्र कालू और शंकर पुत्र कुंदन तथा अलीराजपुर जिले के बड़ी कदवाल गांव निवासी भीलू पुत्र मोटला फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, प्रभारी सर्विलांस सेल राजेश मौर्य, चौकी प्रभारी मेडिकल कॉलेज वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी जिला अस्पताल विनेश गौतम, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, कांस्टेबल अमित कुशवाहा, ऋषभ कुमार, हर्ष तिवारी और अश्वनि उपाध्याय शामिल रहे।