तालाब में मछली पकड़ने गए तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
चित्रकूट जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के हेला गांव स्थित बंधा तालाब के जडेरा में शनिवार सुबह यह घटना हुई। मृतकों की पहचान हेला गांव निवासी राजपाल (17) पुत्र स्वर्गीय लवकुश, महेंद्र (30) पुत्र जोधी और चुरेहकेसरवा निवासी रामकेश (32) पुत्र तीरथ के रूप में हुई है।
बताया गया कि तीनों युवकों के साथ महेंद्र का भाई सुरविजय भी गया था। घटना के बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तीनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। मौत की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तीनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।