रामलीला मेले में हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि पुलिस का एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
दातागंज थाना क्षेत्र के बेहटा माधौ गांव निवासी 25 वर्षीय रोहित सात नवंबर को अपने दोस्त रितिक के साथ रामलीला मेला देखने गया था। मेले में मीना बाजार स्थित खिलौने की दुकान पर खिलौनों के दाम को लेकर दुकानदार रईस अहमद और उसके बेटे वारिस से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वारिस तथा उसके साथियों ने रोहित और रितिक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रोहित की मौत हो गई, जबकि रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने आठ नवंबर को दुकानदार रईस अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी वारिस फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। वारिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी गोली
गुरुवार तड़के अलापुर थाना क्षेत्र में रमजानपुर पुलिया के पास पुलिस ने वारिस की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। तमंचा और कारतूस बरामद
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि घटना के बाद एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी वारिस पर डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।