बाँदा-जमीन के विवाद में नाती ने धारदार हथियार से गला रेतकर की बाबा की हत्या

SHARE:

जमीन के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। दस बिस्वा जमीन अपने नाम कराने के विवाद में पौत्र पर अपने ही 75 वर्षीय बाबा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के समय बुजुर्ग घर के निचले हिस्से में अकेले सो रहे थे, जबकि उनका बेटा, बहू और बच्चे छत पर सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कालूकुआं निवासी रामगोपाल के मुताबिक, उनके 75 वर्षीय पिता लल्ला राजपूत मंगलवार रात घर के निचले हिस्से में अकेले सो रहे थे। रात करीब 12 बजे उनकी मां मुन्नी की नींद खुली तो लल्ला राजपूत खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े मिले। उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था। शव देखते ही मुन्नी चीख पड़ीं। शोर सुनकर छत पर बच्चों के साथ सो रहे रामगोपाल और उनकी पत्नी शांती नीचे पहुंचे। पिता का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। रामगोपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
तीन बीघा जमीन और मकान को लेकर था विवाद
रामगोपाल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता के पास करीब तीन बीघा जमीन और बड़ा मकान है। उनके दो बेटे थे। बड़े बेटे चंद्रपाल की तीन माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। आरोप है कि चंद्रपाल की मौत के बाद उसके बेटे अपने बाबा लल्ला राजपूत पर जमीन का बंटवारा करने और दस बिस्वा जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। लल्ला राजपूत जमीन उनके नाम नहीं करना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में हत्या की गई।
दीपावली से पहले भी हुआ था विवाद
रामगोपाल ने आरोप लगाया कि सुनील जमीन अपने नाम कराने के लिए उनके पिता पर दबाव बनाता था और जमीन नाम नहीं करने पर मारपीट भी की जाती थी। दीपावली से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था। उस दौरान रामगोपाल और उनकी पत्नी को पुलिस चौकी में बैठा लिया गया था। उनका आरोप है कि उस समय लल्ला राजपूत घर पर अकेले थे और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। रामगोपाल का कहना है कि उस समय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद यह वारदात नहीं होती। कोतवाली प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद में हत्या की गई है। आरोपी सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई