घर के बाहर बंधे पशुओं को चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को सफलता मिली है। दो भैंस चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों भैंसों के साथ 11,500 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है।
थाना पैलानी क्षेत्र के ग्राम साड़ी निवासी संगीता ने 24 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि 23 और 24 नवंबर की रात उनके घर के बाहर बंधी दो भैंस चोरी हो गई हैं। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर 24 नवंबर की देर रात ग्राम खैरई से मधुसूदन पुत्र इंद्रपाल निवासी नया डेरा खप्टिहाकलां, थाना पैलानी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी नियमानुसार संरक्षण में लिया गया। दो भैंसों के साथ नकदी और पिकअप बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो भैंसें, 11,500 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया है। मामले में थाना पैलानी में मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 धारा 303(2)/317(2) के तहत अभियोग पंजीकृत है। अन्य पशु चोरी की घटनाओं की भी जांच
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अन्य किन-किन स्थानों पर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुग्रह नारायण, मुख्य आरक्षी अरविन्द कुमार पाल, आरक्षी देवेन्द्र सिंह यादव और आरक्षी दीपक दुबे शामिल रहे।